google.com, pub-5537491996600610, DIRECT, f08c47fec0942fa0 breakingnews: संदेशखाली पर फिर कैसे गरम हुई बंगाल की सियासत और वायरल वीडियो पर ममता और BJP ने क्या कहा?

best

Saturday, May 4, 2024

संदेशखाली पर फिर कैसे गरम हुई बंगाल की सियासत और वायरल वीडियो पर ममता और BJP ने क्या कहा?

 संदेशखाली मुद्दे में शनिवार को एक बड़ा मोड़ आया. एक वीडियो सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर एक भाजपा नेता अपने गांव में यह स्वीकार करते हुए दिखाई दे रहा है कि संदेशखाली में बलात्कार या यौन उत्पीड़न नहीं हुआ था और पार्टी के वरिष्ठ नेता सुवेंदु अधिकारी के निर्देश पर महिलाओं को ऐसी शिकायतें दर्ज करने के लिए राजी किया गया था. वीडियो वायरल होने के बाद तृणमूल कांग्रेस और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर निशाना साधा है और दावा किया है कि यह साबित करता है कि पश्चिम बंगाल को बदनाम करने के लिए भाजपा ने पूरी घटना की पटकथा लिखी थी. हालांकि, बीजेपी ने आरोपों को सिरे से खारिज किया है. यह वीडियो ऐसे समय में सामने आया है, जब पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस पर राजभवन की एक अस्थायी कर्मचारी ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है.

वीडियो में यह सुना गया
एनडीटीवी स्टिंग वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं कर सका. इस वीडियो को एक निजी समाचार चैनल ने शूट किया था. वीडियो में दिखाई गए बीजेपी नेता ने दावा किया है कि आवाज एडिट की गई है. वीडियो में, भाजपा के मंडल सभापति गंगाधर कोयल को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि उनकी पार्टी ने उन महिलाओं को मना लिया था, जो तृणमूल के ताकतवर नेता शेख शाहजहां और उनके सहयोगियों द्वारा गांव में कथित तौर पर जमीन हड़पने का विरोध कर रही थीं. भाजपा नेता को वीडियो में यह कहते सुना गया कि महिलाओं को समझाया गया कि तृणमूल कांग्रेस के इस नेता पर इतने गंभीर आरोप लगाने पर ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा. कोयल ने आरोप लगाया कि इसके निर्देश पश्चिम बंगाल विधानसभा में भाजपा के विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने दिए थे, जो पहले तृणमूल कांग्रेस में थे.

भाजपा नेता ने बताया फर्जी
संदेशखाली की महिलाओं ने आरोप लगाया था कि शाहजहां और उसके दो सहयोगियों ने उनके साथ बलात्कार और यौन उत्पीड़न किया था. इस मुद्दे पर बंगाल भाजपा ने बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया था और लोकसभा चुनाव से पहले एक प्रमुख राष्ट्रीय राजनीतिक मुद्दा बन गया था. प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने भी तृणमूल कांग्रेस और ममता बनर्जी पर हमला किया था और उन पर शाहजहां को बचाने का आरोप लगाया था. शाहजहां को अंततः 50 दिनों से अधिक समय तक भागने के बाद फरवरी में गिरफ्तार किया गया था. वीडियो जारी होने के बाद गंगाधर कोयल ने कहा है कि यह एक साजिश का हिस्सा था और उनकी आवाज को एडिट करने के लिए तकनीक का इस्तेमाल किया गया था. उन्होंने संदेशखाली मामले की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो को भी शिकायत भेजी है. कोयल ने बंगाली में कहा, "मेरा वीडियो जो अब वायरल है, वह मेरे खिलाफ एक साजिश है. उन्होंने मेरी आवाज को संपादित करने के लिए तकनीक का इस्तेमाल किया. वे मुझे, मेरी पार्टी, सुवेंदु अधिकारी और संदेशखाली की महिलाओं को बदनाम करना चाहते थे." 

ममता बनर्जी ने यह कहा
एक्स पर अपने आधिकारिक हैंडल पर स्टिंग वीडियो साझा करते हुए, तृणमूल कांग्रेस ने लिखा, "एक वायरल वीडियो ने आज खुलासा किया कि कैसे भाजपा ने बंगाल को बदनाम करने में कोई कसर नहीं छोड़ी. "सामूहिक बलात्कार" से लेकर "हथियार जब्ती" तक, हर दावा खरीदा और पेश किया गया. यह सब सुवेंदु अधिकारी के अलावा किसी और ने नहीं किया. इन बांग्ला-बिरोधियों को बंगाल की माताएं और बहनें) को माफ नहीं करेंगी.'' नदिया जिले के चकदाह में एक रैली में बोलते हुए, ममता बनर्जी ने कहा, "संदेशखाली की पूरी घटना पूर्व नियोजित थी. भाजपा ने इसकी अच्छी तरह से पटकथा लिखी थी. सच्चाई उजागर हो गई है. मैं यह लंबे समय से कह रही हूं. मैंने पूरा वीडियो नहीं देखा है पर मैं जरूर देखूंगी." समाचार एजेंसी पीटीआई ने तृणमूल कांग्रेस प्रमुख के हवाले से कहा, "पीएम मोदी ने संदेशखाली के संबंध में संदेश दिया, लेकिन केंद्र के प्रतिनिधि राज्यपाल के खिलाफ यौन उत्पीड़न के दावों पर चुप रहे."

सुवेंदु अधिकारी ने दिया जवाब
पलटवार करते हुए भाजपा नेता राहुल सिन्हा ने कहा कि तृणमूल अफवाहें फैला रही है क्योंकि वह जानती है कि वह चुनावी युद्ध के मैदान में हार रही है. उन्होंने हिंदी में कहा, "तृणमूल कांग्रेस ने देख लिया है कि उसके पास कोई मौका नहीं है, उसने अफवाहें फैलाना शुरू कर दिया है. उन्होंने एक महिला से राज्यपाल के खिलाफ आरोप लगवाकर साजिश भी रची है." कोयल के वीडियो को साझा करते हुए जिसमें वह कहते हैं कि उनका दावा है कि उनकी आवाज संपादित की गई थी सुवेंदु अधिकारी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "सच्चाई को तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा सकता है और एक भ्रामक संस्करण प्रसारित किया जा सकता है. हालांकि इसकी लाइफ बहुत कम होती है. अंततः, सत्य की जीत होती है." अब तक हुए दो चरणों में बंगाल की 42 लोकसभा सीटों में से छह पर मतदान हो चुका है. बशीरहाट निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा ने संदेशखाली यौन उत्पीड़न पीड़िता को मैदान में उतारा है, वहां 1 जून को अंतिम चरण में मतदान होगा.



from NDTV India - Latest https://ift.tt/TCstbwP

No comments:

Post a Comment

The Indian chef who brought curry to America - then vanished

Indian chef Ranji Smile opened America’s first Indian restaurant in 1901 - then became a fake prince. from BBC News https://ift.tt/PCTFGrw