google.com, pub-5537491996600610, DIRECT, f08c47fec0942fa0 breakingnews: भारत अवसरों की भूमि : PM मोदी का निवेशकों से स्थिर नीति वाली व्यवस्था का वादा 

best

Saturday, August 31, 2024

भारत अवसरों की भूमि : PM मोदी का निवेशकों से स्थिर नीति वाली व्यवस्था का वादा 

भारत को वैश्विक स्तर पर सबसे बड़े अवसरों की भूमि बताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Narendra Modi) ने शनिवार को व्यापार क्षेत्र में सुधार, स्थिर नीति वाली व्यवस्था और उच्च विकास का वादा किया. ‘ईटी वर्ल्ड लीडर्स फोरम' को संबोधित करते हुए मोदी ने निवेशकों से नवाचार, प्रदर्शन, सकारात्मक बदलाव और उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों के प्रति प्रतिबद्धता जताने को कहा. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि देश धन सृजनकर्ताओं का सम्मान करता है. हालिया लोकसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी के बहुमत के आंकड़े से दूर रह जाने को लेकर विपक्षी दलों द्वारा सरकार पर लगातार किये जा रहे हमलों के बीच, प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने अपना तीसरा कार्यकाल अधिक दृढ़ इरादों के साथ शुरू किया है तथा यह देश के नागरिकों की तरह आशा और विश्वास से भरी हुई है.

मोदी ने कहा कि इस साल जिन देशों में चुनाव हुए, उनमें से ज्यादातर में लोगों ने बदलाव के लिए मतदान किया जबकि भारतीयों ने निरंतरता, राजनीतिक स्थिरता और आर्थिक विकास को प्राथमिकता दी. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि एक नया मध्यम वर्ग देश की प्रगति को गति दे रहा है.

सरकार की नीतियां और रणनीति भी गतिशील : PM मोदी 

उन्होंने कहा कि इस गतिशील दुनिया में उनकी सरकार की नीतियां और रणनीति भी गतिशील हैं. यह जरूरत के हिसाब से जरूरी कदम उठाती है और अपनी नीतियां अतीत के आधार पर नहीं बल्कि भविष्य को ध्यान में रखकर तय करती है.

उन्होंने ग्रीन हाइड्रोजन, सेमीकंडक्टर, गहरे समुद्र और अंतरिक्ष के क्षेत्र में अपनी सरकार की पहल को रेखांकित करते हुए कहा, ‘‘हमारा ध्यान भविष्य पर है. हम देश को उन चुनौतियों और अवसरों के लिए तैयार करना चाहते हैं जो हमारा इंतजार कर रहे हैं.''

10 वर्षों में टिकाऊ विकास हासिल किया : PM मोदी 

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश ने पिछले 10 वर्षों में टिकाऊ विकास हासिल किया है, इस अवधि में 90 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि वैश्विक विकास दर 35 प्रतिशत रही है. उन्होंने कहा कि विश्व की समृद्धि भारत की समृद्धि में निहित है.

मोदी ने कहा कि उनकी सरकार चाहती है कि अधिक से अधिक कंपनियां वैश्विक ब्रांड बनें और देश हर क्षेत्र में अग्रणी बने. उन्होंने इस सदी के तीसरे दशक को देश के उत्थान का युग बताया, जिससे सभी को लाभ होगा.

मोदी ने कहा कि भारत नवाचार, समावेश और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के मंत्र का पालन करता है. उन्होंने कहा, ‘‘हमारी सरकार के तीसरे कार्यकाल के 100 दिनों से भी कम समय में, हमने गरीबों, महिलाओं, युवाओं और किसानों के लिए बड़े फैसले लिए हैं.'' उन्होंने गरीबों के लिए अधिक घर, युवाओं के लिए पैकेज और कई राजमार्ग और रेल परियोजनाओं को मंजूरी जैसे कदमों का हवाला दिया.

‘मेड-इन-इंडिया' उत्पाद को लेकर PM मोदी संकल्‍प 

मोदी ने कहा कि उनकी सरकार देश को वैश्विक स्वास्थ्य और कल्याण केंद्र बनाने के लिए काम कर रही है. उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में सरकार ने मेडिकल में एक लाख सीटें और जोड़ी हैं जो कि पहले 60,000 ही थीं. उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में 75,000 से अधिक सीटें और जोड़ी जाएंगी.

प्रधानमंत्री ने पर्यटन को बढ़ावा देने का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि उनका संकल्प दुनिया भर में हर खाने की मेज पर ‘मेड-इन-इंडिया' उत्पाद सुनिश्चित करना है.

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने 'सुधार, प्रदर्शन और परिवर्तन' के अपने मंत्र के साथ लोगों के जीवन में बड़े बदलाव लाने में सफलता प्राप्त की है.

मोदी ने कहा कि 25 करोड़ से अधिक लोगों के गरीबी से बाहर निकलने के साथ, एक नव-मध्यम वर्ग तेजी से उभरा है, जो किसी भी अन्य लोकतांत्रिक समाज में नहीं देखा गया है. उन्होंने कहा कि उनकी ज़रूरतें विकास को गति दे रही हैं और बाजार में मांग को बढ़ावा दे रही हैं.



from NDTV India - Latest https://ift.tt/vbyaD9l

No comments:

Post a Comment

The Indian chef who brought curry to America - then vanished

Indian chef Ranji Smile opened America’s first Indian restaurant in 1901 - then became a fake prince. from BBC News https://ift.tt/PCTFGrw