google.com, pub-5537491996600610, DIRECT, f08c47fec0942fa0 breakingnews: 'अब बंगाल की बारी...' : दिल्ली में बीजेपी की जीत पर शुभेंदु अधिकारी

best

Saturday, February 8, 2025

'अब बंगाल की बारी...' : दिल्ली में बीजेपी की जीत पर शुभेंदु अधिकारी

पश्चिम बंगाल के भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत को देश के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह भ्रष्टाचार और झूठ की राजनीति के अंत की शुरुआत है. उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने जनता से किए वादों के साथ धोखा किया और भ्रष्टाचार में लिप्त रही, जिसका जवाब दिल्ली की जनता ने दे दिया.
उन्होंने कहा कि भारत एक महान लोकतंत्र है, जहां जनता ही अंतिम निर्णय लेती है. चाहे किसी के पास कितना भी पैसा, ताकत या झूठे प्रचार के साधन हों, अंत में जनता की ही जीत होती है.

शुभेंदु अधिकारी ने दिल्ली की स्थिति को लेकर कहा कि यह देश की राजधानी है और इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर का शहर बनाना चाहिए था, लेकिन आम आदमी पार्टी ने इसे बर्बाद कर दिया. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के नेतृत्व में जिस तरह देश में विकास हुआ है, वही दिल्ली में भी होना चाहिए था. उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार ने यमुना एक्सप्रेस वे और अन्य बुनियादी ढांचे को विकसित किया, लेकिन दिल्ली सरकार इसे संभालने में विफल रही.

अधिकारी ने कहा कि दिल्ली ‘मिनी इंडिया' है, जहां हर प्रदेश के लोग रहते हैं. उन्होंने बताया कि दिल्ली में पश्चिम बंगाल के लगभग 30-35 लाख लोग रहते हैं, जिनमें से 15-20 लाख मतदाता हैं. इस चुनाव में बंगाली बहुल इलाकों में भाजपा को जबरदस्त समर्थन मिला, जो संकेत देता है कि बंगाल में भी बदलाव की बयार बह रही है.

उन्होंने कहा कि करोल बाग जैसे क्षेत्रों में जहां भाजपा पहले हारी थी, वहां इस बार बंगाली मतदाताओं ने बड़ी संख्या में भाजपा का समर्थन किया. अधिकारी ने कहा कि बंगाली मतदाता भाजपा के समर्थन में इसलिए आए, क्योंकि आम आदमी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस जैसी पार्टियों ने बांग्लादेशी घुसपैठ और हिंदू धार्मिक परंपराओं पर हमले किए हैं. उन्होंने सरस्वती पूजा का जिक्र करते हुए कहा कि यह बंगाल की भारतीय और सनातनी संस्कृति का हिस्सा है, लेकिन इस पर भी हमला किया गया. उन्होंने दावा किया कि 90 प्रत‍िशत से अधिक बंगाली मतदाताओं ने भाजपा के पक्ष में मतदान किया, ताकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को मजबूत किया जा सके.

उन्होंने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह पार्टी चुनाव के दौरान ही भगवान बजरंगबली की भक्ति दिखाती है, जबकि असल में यह सिर्फ एक दिखावा होता है. उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार ने दिल्ली में बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों को आधार कार्ड और वोटर आईडी कार्ड बनवाकर मुफ्त बिजली-पानी जैसी सुविधाएं दीं, जिससे देश की सुरक्षा को खतरा है. उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में जितनी भी राष्ट्रविरोधी गतिविधियां हुई हैं, उनमें केजरीवाल की भूमिका रही है, ठीक वैसे ही जैसे पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी का शासन इस तरह की गतिविधियों का समर्थन करता है.

शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि अब बंगाल में भी बदलाव का समय आ गया है. उन्होंने दावा किया कि दिल्ली की तरह बंगाल में भी भाजपा की लहर चलेगी और राष्ट्रवादी सरकार बनेगी. उन्होंने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार से अपील की कि पश्चिम बंगाल में निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित किए जाए, ताकि तृणमूल कांग्रेस की सरकार द्वारा की जा रही धांधली और पुलिस के दुरुपयोग को रोका जा सके. उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में पुलिस का इस्तेमाल भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं को झूठे मामलों में फंसाने के लिए किया जा रहा है.

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता अब पूरी तरह तैयार है और 2026 के चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए भाजपा को भारी समर्थन देगी. उन्होंने कहा कि बंगाल डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी और स्वामी विवेकानंद की धरती है, और यहां राष्ट्रविरोधी ताकतों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.



from NDTV India - Latest https://ift.tt/V5L6QAS

No comments:

Post a Comment

The Indian chef who brought curry to America - then vanished

Indian chef Ranji Smile opened America’s first Indian restaurant in 1901 - then became a fake prince. from BBC News https://ift.tt/PCTFGrw