google.com, pub-5537491996600610, DIRECT, f08c47fec0942fa0 breakingnews: पहले चुप रहने को कहा, फिर सैफ को घोंपा पीछे से चाकू : केयरटेकर ने FIR में बताई आंखों देखी

best

Thursday, January 16, 2025

पहले चुप रहने को कहा, फिर सैफ को घोंपा पीछे से चाकू : केयरटेकर ने FIR में बताई आंखों देखी

जाने-माने एक्टर सैफ अली खान पर उनके घर में घुसकर किसी ने चाकू से हमला कर दिया था. इस हमले में सैफ गंभीर रूप से घायल हो गए. आरोपी ने सैफ की पीठ, हाथ, गर्दन और पैरों पर कुल 6 वार किए थे. डॉक्टरों ने सैफ अली खान की दो सर्जरी की है. फिलहाल वह खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं. लेकिन अब केयरटेकर की ओर से पुलिस को दिए बयान में बड़ा खुलासा हुआ है.

मुंबई के बांद्रा पुलिस स्टेशन में दर्ज एक एफआईआर में एक्टर सैफ अली खान के घर काम करने वाली केयरटेकर ने पुलिस को बयान दिया कि वह पिछले 5 साल से सैफ के घर पर केयरटेकर के रूप में काम कर रही थी. महिला केयरटेकर ने बताया कि वह अभिनेता सैफ अली खान के छोटे बेटे की देखभाल का काम करती है. सैफ अली खान का परिवार इमारत की 12वीं मंजिल पर रहता है, जबकि 5वीं मंजिल पर 3 कमरे हैं, जहां सैफ, करीना और बाकी लोग रहते हैं.

हमलावर ने केयरटेकर से क्या कहा?
केयरटेकर के अनुसार 15 जनवरी की रात लगभग 11 बजे उसने सैफ अली खान के छोटे बेटे को खाना खिलाकर सुला दिया. इसके बाद वह सोने के लिए चली गईं. रात के करीब 2 बजे कुछ आवाज आई, जिससे वह जाग गईं. नींद से उठकर बैठते ही उन्होंने देखा कि बाथरूम का दरवाजा खुला हुआ था और बाथरूम की लाइट जल रही थी. उन्हें लगा कि करीना मैंम अपने बच्चे से मिलने आई होंगी और फिर वह सो गईं. लेकिन उन्हें कुछ गड़बड़ का एहसास हुआ. तभी कोई व्यक्ति कमरे में आया. यह देख वह तुरंत उठकर बच्चे के पास गईं और उस व्यक्ति ने हिंदी में कहा, "कोई आवाज़ नहीं," इसी दौरान कुछ लोग भी जाग गए. आरोपी ने उन्हें भी धमकाते हुए कहा, "कोई आवाज़ नहीं."

हमलावर ने मांगे एक करोड़ रुपए?
केयरटेकर ने बताया कि हमलावर उनके बाईं ओर लकड़ी जैसी कोई चीज और दाहिने हाथ में एक लंबा, पतला हेक्सा ब्लेड लेकर उनकी तरफ दौड़ा. हाथापाई के दौरान उसने उन पर ब्लेड से हमला करने की कोशिश की. जब उन्होंने हाथ आगे बढ़ाकर अपना बचाव करने की कोशिश की, तो उनके दोनों हाथों की कलाई के पास और बाएं हाथ की बीच वाली उंगली पर घाव हो गए. उस वक्त उन्होंने उससे पूछा, "तुम्हें क्या चाहिए?" तो उसने कहा, "पैसों की ज़रूरत है." उन्होंने पूछा, "कितने?" फिर उसने अंग्रेज़ी में कहा, "एक करोड़."

'हेक्सा ब्लेड से सैफ पर हमला'
केयरटेकर ने बताया कि उसी समय मौका पाकर वह चिल्लाता हुआ कमरे से बाहर भागा. सैफ़ और करीना मैडम उसकी आवाज़ सुनकर एक साथ दौड़ते हुए पास आए. जब सैफ़ ने पूछा, "इस्मा, वह कौन है? वह क्या चाहता है?" तो उस व्यक्ति ने अपने हाथ में पकड़ी लकड़ी की वस्तु और एक हेक्सा ब्लेड से सैफ पर हमला कर दिया. उसी समय जब करीना अंदर आईं, तो उस व्यक्ति ने उन पर भी हमला कर दिया. हम सभी कमरे से बाहर भागे और कमरे का दरवाज़ा खींचा. आवाज सुनकर सो रहे रमेश, हरि, रामू और पासवान बाहर आए, तो हम उसे (उस व्यक्ति को) पकड़ने के लिए दोबारा कमरे में गए, तो कमरे का दरवाज़ा खुला था.

घटना में सैफ को गर्दन के पीछे, दाहिने कंधे के पास, पीठ के बाईं ओर और बाएं हाथ की कलाई और कोहनी के पास चोट लगी थी और उससे खून निकल रहा था. दाहिनी कलाई, पीठ और चेहरे पर भी चोटें हैं. एक अज्ञात व्यक्ति उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष, रंग सांवला, पतला शरीर, गहरे रंग की पैंट और गहरे रंग की शर्ट पहने हुए तथा सिर पर कैंप रखा हुआ है.

करीना कपूर खान का बयान
अभिनेत्री करीना कपूर खान ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, 'यह हमारे परिवार के लिए एक अविश्वसनीय रूप से चुनौतीपूर्ण दिन रहा है और हम अभी भी उन घटनाओं को समझने की कोशिश कर रहे हैं जो सामने आई हैं. जैसा कि हम इस कठिन समय से गुजर रहे हैं, मैं सम्मानपूर्वक और विनम्रतापूर्वक अनुरोध करती हूं कि मीडिया और पपराजी अटकलों और कवरेज से दूर रहें. हम आपकी चिंता और समर्थन की सराहना करते हैं. मैं आपसे विनम्र अनुरोध करती हूं कि आप हमारी सीमाओं का सम्मान करें और हमें वह स्थान दें जो हमें एक परिवार के रूप में ठीक होने और सामना करने की आवश्यकता है. मैं इस संवेदनशील समय के दौरान आपकी समझ और सहयोग के लिए अग्रिम धन्यवाद देना चाहती हूं.'



from NDTV India - Latest https://ift.tt/XlSy6kw

No comments:

Post a Comment

The Indian chef who brought curry to America - then vanished

Indian chef Ranji Smile opened America’s first Indian restaurant in 1901 - then became a fake prince. from BBC News https://ift.tt/PCTFGrw